सभासदों के विरोध के बावजूद सड़क का निर्माण पूरा
कायमगंज। चार सभासदों के जबरदस्त विरोध के बावजूद पालिका के ठेकेदारों ने सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर दिया है। इसी विरोध के चलते एक सभासद सहित चार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।
सभासद सत्यपाल लोधी सहित चार सभासदों ने गुरुवार को चिलौली रोड अमानक बनाए जाने का आरोप लगाकर काम रुकवा दिया था। अगले दिन कुछ सभासदों ने एसडीएम अमित आसेरी को ज्ञापन देकर मानक के अनुसार सड़क बनवाने व जांच कराने की मांग की थी।
इसके बाद पालिका अध्यक्ष ने सभासद सत्यपाल समेत चार के खिलाफ ठेकेदारों को जातिसूचक गालियां देने व मारपीट करने का मामला दर्ज करा दिया था, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुका।सड़क का निर्माण सोमवार को पूरा हो गया।
इस मामले में पालिका अध्यक्ष सुनील चक ने बताया सभासदों की मानक के अनुसार निर्माण कराने की मांग है। फिलहाल सड़क के गड्ढे भरने के लिए सिंगल लेयर डाली गई है। हॉटमिक्स सड़क का निर्माण बाद में कराया जाएगा। सभासद सत्यपाल लोधी ने बताया कि मानक के अनुसार निर्माण नहीं हुआ तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।
पाइप लाइन चेक किए बिना न बनाई जाए सड़क
कायमगंज। नगर पालिका के सभासद गौरव गुप्ता, सत्यपाल लोधी, आमिर खां, पूजा शुक्ला, रूबी गिरी, तृप्ति रस्तोगी, लक्ष्मी यादव, रामप्रकाश सहित 8 सभासदों ने मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री व ईओ को पत्र भेजकर मांग की है कि नगर में जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाई गई है।
यह अभी चेक भी नहीं हुई है ऐसे में यदि सड़क बन गई और पानी का प्रेशर बाद में चेक हुआ तो पाइप लाइन फट भी सकती है। इससे दोबारा सड़क तोड़कर मरम्मत करनी होगी।