मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव चुन्नूपुर गड़िया में जमीन के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों के बीच चल रहे विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले गया। तीन दिन से चले आ रहे विवाद में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और टकोरा चले, जिसमें महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भेजा।
जानकारी के अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद जमीन के बंटवारे को लेकर तीन सगे भाइयों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते गालीगलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। झगड़े की सूचना पर यूपी 112 पुलिस और चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार मौके पर पहुंचे। पहले पक्ष से प्रीति, शिवकुमार, हर्ष व ऋतिक घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से श्याम सुंदर, सुदामा और मिथलेश घायल हो गईं। सुदामा ने आरोप लगाया कि बड़े भाई शिवकुमार से बोलेरो वाहन ले जाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट होने लगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवकुमार, मिथलेश और श्याम सुंदर को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।