सहायक लिपिक व दीवान को अनिवार्य सेवानिवृत्ति
फर्रुखाबाद। स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने सहायक लिपिक व मऊदरवाजा थाने के दीवान को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है। सहायक लिपिक को अब तक की नौकरी में 21 व दीवान को 15 मामलों में विभाग दंडित कर चुका है। सहायक लिपिक मंगलवार को बिना बताए ही चले गए थे।
शासन ने 50 पार व अस्सी किलो से अधिक वजन के अक्षम पुलिसकर्मियों की सूची बनाकर उनको अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने के आदेश दिए थे। जनपद में 300 से अधिक पुलिस कर्मियों की सूची बनाई गई थी। एसपी डॉ. अनिल मिश्रा के आदेश पर एएसपी, सीओ मोहम्मदाबाद, सीओ अमृतपुर, वरिष्ठ लिपिक की कमेटी ने इनकी स्क्रीनिंग की। कमेटी ने सहायक लिपिक सुधीर पांडेय को अब तक की नौकरी में 21 दंड, मऊदरवाजा थाने के दीवान गिरीश चंद्र अवस्थी को मिले 15 दंडों को गंभीरता से लिया।
इसके बाद दोनों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने के संबंध में रिपोर्ट एसपी को भेज दी थी। एसपी के आदेश पर सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम ने दोनों की चरित्र पंजिका का दोबारा गहनता से अवलोकन कर रिपोर्ट दी। इसके बाद एसपी दोनों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी। सहायक लिपिक सुधीर पांडेय ने बताया कि उनको 21 दंड मिले हैं। इसके बारे में जानकारी नहीं है। जनपद जालौन से दो व फर्रुखाबाद में एक दंड मिलने के कागज मिले हैं। शासन में इसको लेकर पैरवी करेंगे।