कमालगंज। कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी को शिक्षा व्यवस्था बदहाल मिली। बच्चों को गणित का सामान्य ज्ञान भी नहीं था। परिसर में गंदगी मिलने व नल की टोंटी खराब होने पर फटकार लगाई।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह सोमवार को विकास खंड के झसी गांव स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां कक्ष में मौजूद छात्रों से उन्होंने गणित के सवाल पूछे तो कई छात्र जवाब न दे सके। शिक्षा का स्तर खराब मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक दिन 30 मिनट बच्चों को सामान्य ज्ञान की जानकारी दी जाए। कमरों की छतों पर लगे पंखे गंदे मिले। खिड़कियों पर जाली अव्यवस्थित पाई गई। शौचालय में गंदगी थी, जबकि पानी पीने को लगी टोटियां खराब पाई गईं।
डीएम ने शौचालय में टाइल्स लगवाने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन की खाद्य सामग्री व मसालों की गुणवत्ता देखी। परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में लग रही ईंटों की गुणवत्ता खराब होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए घटिया ईंटों को बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता अब खराब पाई गई तो कार्रवाई होगी। परिसर में पेड़ पौधे लगवाने को कहा। बीएसए गौतम प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र भी मौजूद रहे।