जरूरतमंदों को राहत के लिए आवेदन भराने की होड़
कमालगंज। कोविड-19 महामारी के चलते कई लोगों पर रोजी रोटी का संकट आ गया है। इसको देखते हुए गरीबों व जरूरतमंदों को एक हजार रुपये सहायता के रूप में तत्काल राहत पहुंचाई जानी है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक लोगों के आवेदन भराए जा रहे हैं। रविवार को क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर में भी कुछ ग्राम पंचायतों के प्रधान व उनके साथ आए लोग आवेदन भरने का काम करते रहे।
पिछले माह शासन ने रेहड़ी, खोमचे, ठेली लगाने वाले व श्रमिक कामगारों को राहत पहुंचाने के लिए एक हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की थी। अधिकांश ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने गांव के जरूरतमंदों के आवेदन भरने के लिए उनकी पासबुक व आधार कार्ड लिए हैं। उनके आवेदन पत्र भी भराए जा रहे हैं।
आवेदन पत्र को ग्राम पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत व खंड विकास अधिकारी प्रमाणित करेंगे। रविवार को ब्लॉक कार्यालय में पेड़ के नीचे कुछ ग्राम पंचायतों से आए ग्राम प्रधान के कार्यकर्ता आवेदन भरने का कार्य करते रहे।
बीडीओ राजेश बघेल ने बताया कि योजना में अभी तक 500 आवेदन ही आए थे। अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास है। ग्रामीण भूमिहीन श्रेणी के मजदूर भी योजना का लाभ ले सकते हैं। आवेदकों की डाटा फीडिंग कराई जाएगी। इसके बाद जनपदीय समिति पात्रता के आधार पर चयन करेगी।