फर्रुखाबाद। धन उगाही की शिकायत मिलने पर सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने सोमवार दोपहर बाद अचानक पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत देते हुए नंबर के अनुसार पोस्टमार्टम करने के निर्देश दिए। साथ ही डॉक्टरों के आने की जानकारी की।
सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस फतेहगढ़ में दोपहर 2:45 बजे तक छह शव पोस्टमार्टम के लिए आए थे। इसको लेकर पोस्टमार्टम हाउस परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। पहले पोस्टमार्टम कराने को लेकर लोग जुगाड़ में लग गए। सेटिंग होने पर बाद में आए शवों के पोस्टमार्टम पहले कर दिए गए। इसकी शिकायत किसी ने सीएमओ से कर दी। दोपहर सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। चिकित्सक कक्ष पहुंचे, जहां डॉ. दीपक कटारिया व डॉ. मानसिंह मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने शव विच्छेदन गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस करने वाले कर्मचारियों को नंबर के अनुसार ही पोस्टमार्टम करने की हिदायत दी। सीएमओ ने बताया कि पहले पोस्टमार्टम कराने को लेकर धन उगाही की शिकायत मिली थी। मौके पर गए तो ऐसा कुछ नहीं मिला है।