शहर के मोहल्ला छक्का नाजिर कूंचा में गौरी पांडेय ने दिए जलाकर कोरोना को भगाने का लिया संकल्प। संव
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन तोड़ने को चल रहे लॉकडाउन में हर कोई घरों में रह रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार रात नौ बजे हर किसी ने दीपक जलाकर एकजुटता का संदेश दिया। साथ ही कोराना पर विजय का संकल्प लिया गया।
कोरोना वायरस पर विजय पाने के लिए देश का हर नागरिक मन, वचन और कर्म से जंग लड़ने को तैयार है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर रविवार सुबह से ही लोगों ने दिए जलाने की तैयारी शुरू कर दी। बाजार व दुकानों पर किसी ने मोमबत्ती खरीदीं तो किसी ने मिट्टी के दिए। रात के नौ बजे से पहले ही लोग घरों की छतों पर पहुंच गए और दिए व मोमबत्ती जगह-जगह लगा दीं। नौ बजते ही लोगों ने घरों की लाइट बंद कर दी और बालकनी, छज्जों व दरवाजों पर दिए जलाने लगे। बिल्कुल दीवाली जैसा नजारा दिखने लगा। दिए जलाकर लोगों ने कोरोना पर विजय पाने का संकल्प लिया। इसके अलावा कसबों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी खूब दिए जलाए गए।
कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार ज्योतिषाचार्य प्रदीप योगी का कहना है कि प्रधानमंत्री ने इस महामारी पर विजय पाने के लिए प्रकाशोत्सव का समय ऐसा चुना जो अद्भुत संयोग वाला और अत्यधिक फलदायी है। प्रदोष काल में वृश्चिक लग्न में अनंत दीपक जलने से शिवतत्व की उत्पत्ति कोरोना के प्रकोप को हतोत्साहित करने वाली है। इस प्रदोष को मदन द्वादशी व अनंग द्वादशी भी कहा जाता है।