बैंक आफ बढ़ौदा में विलय होने के बाद काम करते विजया बैंक के कर्मचारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। विजया बैंक और देना बैंक का बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) में विलय होने का एक अप्रैल 2019 को गजट होने के बाद अब प्रक्रिया पूरी हो सकी है। विजया बैंक के कर्मचारियों के लिए अलग काउंटर बनाकर काम शुरू करवा दिया गया है। फिलहाल विजया बैंक के सॉफ्टवेयर पर ही काम हो रहा है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद एक साथ काम शुरू हो जाएगा।
केंद्र सरकार ने बीती साल ही विजया बैंक को बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय करने का गजट जारी कर दिया था। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजया बैंक के तीन अधिकारी, दो क्लर्क और एक कर्मचारी को सेठ गली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में बैठकर काम करने लगे। इन कर्मियों के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। इसके पीछे कारण यह है कि फिलहाल सॉफ्टवेयर अपटेड नहीं हो सका है इसीलिए इस वक्त विजया बैंक के सॉफ्टवेयर पर ही उनके खातेदारों का काम किया जा रहा है। हालांकि, खातेदारों को बैंक ऑफ बड़ौदा की सेवाएं प्रदान करना शुरू कर दी गई हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है। जैसे ही अपडेट हो जाएगा, सभी खातेदारों का काम बैंक ऑफ बड़ौदा के सॉफ्टवेयर पर ही शुरू हो जाएगा। किसी भी खातेदार को कोई दिक्कत न आए, इसके लिए वह हर वक्त मॉनीटरिंग करते रहते हैं।