कमालगंज। बीते दिन पूर्व किसान के घर पहुंच कर एक व्यक्ति ने फ्री गैस कनेक्शन के नाम पर किसान की पत्नी से एक मशीन में अंगूठा लगवाया। 14 दिन में चार बार अंगूठा लगवाने के बाद गैस सिलिंडर लेने के लिए व्यक्ति ने किसान की पत्नी को कमालगंज एजेंसी भेजा। वहां जाकर पता चला कि उसका कनेक्शन लिस्ट में नाम नहीं है। खाता चेक करने पर जानकारी हुई कि चार बार में उसके बैंक से 40 हजार रुपये निकाले गए।
थाना क्षेत्र के गांव भिम्मीनगला निवासी रामबाबू के घर 11 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति गया। उनके घर पर उनकी पत्नी सुशीला मौजूद थी। उस व्यक्ति ने सुशीला से कहा कि तुम्हारा फ्री वाला गैस कनेक्शन आ गया है। उसने एक मशीन निकाली और सुशीला से आधार कार्ड नंबर मांगा। नंबर देने के बाद उसने सुशीला से मशीन में अंगूठा लगाने को कहा। अंगूठा लगवाने के बाद वह चला गया। 14 नवंबर को फिर वही व्यक्ति उनके घर पहुंचा और अंगूठा लगवाकर चला गया। इसके बाद 25 नवंबर को उसी व्यक्ति ने रामबाबू को फोन कर रजीपुर बुलाकर कनेक्शन ले जाने को कहा। जब सुशीला अपने पति रामबाबू के साथ रजीपुर में उससे मिलने पहुंची। वहां उस व्यक्ति ने सुशीला से दो बार मशीन में अंगूठा लगवाया। अंगूठा लगवाने के बाद उसने कहा कि कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस पर चली जाओ और वहां से अपना कनेक्शन ले लो जाकर। बुधवार को जब सुशीला मधु गैस एजेंसी पर अपना कनेक्शन लेने पहुंची तो वहां पता चला कि उसका कोई कनेक्शन नहीं है।
एजेंसी के कर्मचारी ने सुशीला से कहा कि अपना खाता चेक करो जाकर। सुशीला रजीपुर स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में पहुंची। वहां उसने अपना खाता चेक कराया तो जानकारी हुई कि उसके खाते से चार बार में दस-दस हजार रुपये करके 40 हजार रुपये निकल गए। इस पर गुरुवार को पीड़ित सुशीला ने अपने पति रामबाबू के साथ थाने जाकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।