शहर के सीपी इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक वसंतोत्सव में भाजपा प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि जिला बेहद पिछड़ा है। लेकिन स्कूल के बच्चों की प्रतिभा को देख साफ हो गया कि यहां के बच्चे आने वाले दिनों में देश और दुनिया में जिले का नाम रोशन करेंगे।
स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुनील बंसल ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल सही, वह दिन दूर नहीं है, जब फर्रुखाबाद जनपद के पिछड़े क्षेत्र के गरीब घरों से निकले बच्चे देश और दुनिया में उच्च स्थानों पर अपना परचम लहराएंगे। प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि छात्रों की प्रतिभा को ऊंचाई देने के लिए स्कूल की हर जरूरत पूरी करेंगे।
बच्चों ने मां शारदे की वंदना प्रस्तुत की। कव्वाली, गुजराती नृत्य, सेव द गंगा पर नाटक, सूफी होली का कार्यक्रम, गीत, संगीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध कर दिया। निशांत मिश्रा ने दर्शकों में वीर भाव का ऐसा संचार किया कि दर्शक तालियां बजाने लगे। श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।
इससे पूर्व स्कूल संस्थापक चंद्रप्रकाश अग्रवाल, निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल, उप नि देशक अंजू राजे, प्रधानाचार्य डॉ. केके श्रीवास्तव के अलावा योगेश तिवारी, आरके बाजपेई, अनुज अग्रवाल, जय अग्रवाल ने मुख्य अतिथि सुनील बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह को बुके देकर तथा माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आशीष अग्निहोत्री, रचना पुरवार, अंकिता अवस्थी, प्रियंका बाजपेई, शिवानी मिश्रा, नंदिता जैन, कृति वर्मा, रेनू मिश्रा, मीनल गौर आदि का सहयोग रहा।
सांसद मुकेश राजपूत, वीरेंद्र सिंह राठौर, भास्कर दत्त, रमेश चंद्र त्रिपाठी, कुलदीप गंगवार, सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह, प्रांशुदत्त द्विवेदी, डॉ. अरविंद, शैलेंद्र राठौर, रूपेश गुप्ता, संजय गर्ग आदि थे। संस्थापक चंद्र प्रकाश अग्रवाल और प्रधानाचार्य डा. केके श्रीवास्तव ने आभार और संचालन योगेश तिवारी ने किया।