राजकीय बालिका इंटर कालेज राजेपुर का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। कालेज में 117 बच्चों को पढ़ाने के लिए मात्र दो अध्यापिकाएं ही मिलीं।
इस पर सीडीओ ने शिक्षकों की तैनाती, बच्चों के फर्नीचर व हैंडपंप लगवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कालेज परिसर में पौधरोपण किया। एडीओ को सप्ताह में दो दिन सफाई कर्मी लगाकर कालेज में सफाई कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया ने जीजीआईसी के निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत से पठन-पाठन व व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। इस पर उन्होंने बताया कि कक्षा छह से 12 तक कुल 117 छात्राएं हैं। पढ़ाने के लिए मात्र दो टीचर हैं। जरूरत पर बाल समिति से शिक्षण कार्य कराती हैं।
सीडीओ ने कॉलेज में पांच शिक्षकों की तैनाती कराने का आश्वासन दिया। कालेज परिसर में हैंडपंप लगवाने की भी बात कही। प्रधानाचार्य को छात्राओं के बैठने के लिए फर्नीचर की डिमांड भेजने के निर्देश दिए। कहा कि वन विभाग द्वारा कालेज परिसर में पौधरोपण कराया जाएगा।
परिसर में लगा ट्रांसफार्मर एक किनारे कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि भूमि की पैमाइश करवाने पर पता चला कि कालेज की कुल भूमि 0.486 हेक्टेयर है। जबकि 0.345 हेक्टयर भूमि पर निर्माण कराया।
शेष भूमि को निर्माण के दौरान छोड़ दिया गया। इस पर सीडीओ ने कहा कि विद्यालय परिसर में सहजन के पेड़ लगाएं। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को विज्ञान दिवस पर वह कालेज आएंगे।
ग्राम प्रधान के पति उमेश सिंह को विद्यालय परिसर की भूमि का समतलीकरण व साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। शिक्षक का अनुसुइया दीक्षित, एडीओ पंचायत अजीत पाठक आदि मौजूद रहे।