कमालगंज। कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित आलू मंडी में बृहस्पतिवार को कमजोर आलू की लिवाली बहुत ढीली रही। सफेद आलू में सबसे कमजोर माल की लाट 302 रुपये क्विंटल में ही बिक पाई। जबकि, अच्छे आलू का भाव 402 से लेकर 622 रुपये क्विंटल तक रहा। वहीं पूर्वांचल व बिहार में पसंद किया जाने वाले लाल आलू में हालैंड का अच्छा छट्ठा अब तक सबसे अधिक भाव 882 रुपये क्विंटल में बिका।
कमालगंज मंडी में बृहस्पतिवार को आठ हजार पैकेट आलू आया। इसमें करीब एक हजार पैकेट कमजोर गुणवत्ता का माल था। उसकी लिवाली के लिए व्यापारियों में उत्साह न होने से 151 रुपये पैकेट तक भाव गिराकर खरीद हुई। अच्छे छट्ठा का सामान्य भाव 622 रुपये क्विंटल तक रहा। लाल आलू में हालैंड का भाव ऊंचा रहा। कदुआपुर के किसान ने बताया कि उनका 55 पैकेट छट्ठा हालैंड का छट्ठा 882 रुपये क्विंटल बिक गया। इस्लाम निराला का कहना है कि यह आलू शीतगृह में भंडारण वाला है। कन्नौज के किसान भी मंडी में माल लेकर पहुंचे। चियासर कन्नौज के किसान प्रांशु ने बताया कि वह हरा, छोटे साइज के आलू को अलग निकालकर मंडी में बड़े साइज का ही आलू लाए, भर्ती भी 55 किलो पैकेट की थी। चमक अच्छी होने से उन्हें 10 रुपये पैकेट अधिक दाम मिल गए। 642 रुपये क्विंटल के दाम मिले। रमन राजपूत ने कहा कि वजन अच्छा होने से भाव कुछ बढ़कर मिल रहा है।