संदिग्ध हालात में बच्चे की मौत, हंगामा
फर्रुखाबाद। संदिग्ध हालात में एक बच्चे की मौत होने पर शुक्रवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस परिजनों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। देर रात तक हंगामा चलता रहा।
शहर कोतवाली के दीनदयाल बाग निवासी नरवीर राजपूत के चार साल के पुत्र अभिषेक को उसकी मां ने शुक्रवार दोपहर में आशा द्वारा दी गई फाइलेरिया की दवा से एक टेबलेट खिला दी थी। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। वहां डॉ. राजकिशोर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी प्रभारी बलराज भाटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह मुकदमा दर्ज कराने पर अड़े थे। पिता नरवीर ने आरोप लगाया, आशा पूरे मोहल्ले में गोलियां बांट गई थीं। उसकी पत्नी ने अभिषेक को गोली खिला दी, जबकि अन्य लोगों ने गोलियां फेंक दीं। गोली खिलाने के कुछ ही देर में अभिषेक की हालत बिगड़ गई।
नरवीर का बड़ा बेटा सोनू (8), मोनू (6), बेटी मोेनिका (3) है। अभिषेक तीसरे नंबर का था। परिवार में कोहराम मचा है। चौकी प्रभारी बलराज भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
फाइलेरिया की दवा से नहीं हो सकती मौत
सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि फाइलेरिया की दवा से किसी की मौत नहीं हो सकती है। बच्चे की मौत की वजह कोई अन्य रही होगी। स्वास्थ्य टीम को घर-घर जाकर फाइलेरिया की दवा अपने सामने खिलाने के आदेश हैं। यदि कोई टीम अपने सामने दवा न खिलाकर केवल वितरण कर चली आती है तो गंभीर बात है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।