किसान को सरिया, डंडों से पीटा, लूटा
फर्रुखाबाद। आलू बेचकर घर जा रहे ट्रैक्टर सवार किसानों को दबंगों ने टेंपो और ई-रिक्शा लगाकर रोक लिया। लाठी-डंडों, सरियों से पिटाई से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। दबंग उससे 49 हजार रुपये भी लूट ले गए। गंभीर हालत में घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि दो टेंपो पुलिस ने चौकी में खड़े करवा लिए हैं।
मऊदरवाजा थाने के गांव महलई निवासी देवेश राजपूत (26) गांव के ही गौतम राजपूत के ट्रैक्टर से आलू बेचने शुक्रवार सुबह सातनपुर मंडी आया था। उसके साथ दोस्त विवेक शर्मा भी था। देवेश आलू बेचने के बाद 49 हजार रुपये लेकर ट्रैक्टर से घर लौट रहा था।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आईटीआई चौराहा स्थित एक कोल्ड स्टोरे के पास टेंपो से आए दो युवकों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। पीछे खड़े ई-रिक्शा सवार कई युवक ट्रैक्टर चला रहे गौतम को गालियां देकर खींचने लगे। इस पर देवेश ने विरोेध किया तो करीब 10 दबंग युवकों ने लाठी-डंडे, सरिया से हमला करके देवेश को जमीन पर पटक कर लहूलुहान कर दिया। उसके सिर और एक आंख में गंभीर चोट आई है।
आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने पर दबंग मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर में आईटीआई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उसने घायल को लोहिया अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में देवेश की हालत काफी गंभीर है। देवेश ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। दबंगों ने हमला बोलकर आलू बिक्री के 49 हजार रुपये भी लूट लिए हैं। गौतम ने बताया कि देवेश के चाचा हाकिम ने तहरीर दी है।
पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। पुलिस लूट की बात हटाकर तहरीर देने की बात कह रही है। गौतम और विवेक शर्मा चुटहिल हुए हैं। गांव से परिजन भी थाने पहुंच गए हैं। आईटीआई चौकी प्रभारी राजीव कुमार का कहना है कि ट्रैक्टर के लिए साइड मांगने को लेकर मारपीट हुई है। लूट की बात गलत है। तहरीर ले ली गई है। तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।