फर्रुखाबाद। शमसाबाद में कब्रिस्तान के लिए आरक्षित भूमि पर दुकानें बनाने के मामले में भाजपा नेता की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया। उनके कार्यालय से जिलाधिकारी के लिए पत्र लिखा गया है। इसमें दोषियों पर कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
नगर पंचायत शमसाबाद के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता अधिवक्ता विजय कुमार गुप्ता ने मई के अंतिम सप्ताह में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। जिसमें कहा कि खारबंदी शमसाबाद की पट्टी संख्या आठ को शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने भूमि कब्रिस्तान पर वजीर अली पुत्र नवाब अली को 10 दुकानें बनाने की अनुमति प्रदान की है। यह गैरकानूनी है। वक्फ मोहम्मद तकी के वारिसान भारत में नहीं रहते। बाहरी लोगों को मुतबल्ली नियुक्त कर वक्फ संपत्ति पर अवैध वसूली की जा रही है।
आमदनी शून्य के बावजूद बोर्ड चुप है। पता चला कि कब्रिस्तान का सौदा कर बेच लिया गया है। अभिलेखों में कब्रिस्तान दर्ज है। उन्होंने अवैध निर्माण पर रोक लगाने और दुकान बनाने की अनुमति देने एवं दुकानें बनाने का प्रयास करने वालों पर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की अपेक्षा की है। शिकायतकर्ता विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अब कार्रवाई की उम्मीद बंधी है। इससे मुस्लिम समाज को लाभ होगा।