फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल 20 फीसदी कम किराये वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा अब नौली के लिए एक फेरा ही लगाएगी। एआरएम ने आमदनी कम होने की बात कहकर एक फेरा कम कर दिया है। इससे दूरदराज गांवों को जाने वाले यात्रियों के सामने बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है।
मुख्यमंत्री की मंशा है कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों नीबकरोरी और संकिसा के साथ जिले के सीमा पर बसे मेरापुर व नौली तक के यात्रियों को सस्ते किराये में आसानी से पहुंचने की सुविधा मिले। इसी मंशा से उन्होंने करीब तीन माह पहले इस मार्ग को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा में शामिल किया था। इस बस में सामान्य से 20 फीसदी कम किराया लिया जाता हैै।
डिपो के जिम्मेदारों ने प्रमुख सेवा के लिए जिस बस का चयन किया, वह पूरी तरह खटारा थी। महीने में 10 दिन खराब होने से यात्रियों को लेटलतीफ अथवा डग्गामारी से जाना पड़ता था। लिहाजा यात्रियों का इस बस से भरोसा नहीं बन सका। यह बस सुबह 10 बजे और शाम चार बजे जाती थी।
एआरएम राजेश कुमार सिंह ने शनिवार से इस बस का सुबह 10 बजे वाला नंबर निरस्त कर दिया। कहा कि अब सिर्फ एक बार शाम को ही बस नौली के लिए जाएगी। इससे पर्यटन स्थल के साथ सुदूर जाने वाले यात्रियों को डग्गामार वाहनों का ही सहारा लेना पड़ेगा। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि दोपहर वाले नंबर में यात्री नहीं मिल पाते हैं। लिहाजा बस के डीजल का खर्च भी नहीं निकल रहा है। इसीलिए एक बार ही भेजी जा रही है।