फर्रुखाबाद। खाद की जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर गुरुवार को दुकानों पर अधिकारियों ने छापे मारे। कई दुकानदार शटर गिराकर भाग गए। खाद के कुल 32 नमूने लिए गए। पांच दुकानों के लाइसेंस निलंबत करने के साथ पांच को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने दो टीमें गठित की थीं। सदर व अमृतपुर तहसील क्षेत्र में उपकृषि निदेशक राजकुमार ने एसडीएम के साथ दुकानों पर छापा मारा। उन्होंने 15 दुकानों से 11 नमूने लिए। एक दुकान पर अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निलंबित किया। वहीं जिला कृषि अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कायमगंज तहसील क्षेत्र में गांव लुधइया स्थित पवन खाद एवं बीज भंडार पर जांच के दौरान बीज का लाइसेंस, खाद का स्टाक बोर्ड, बिल आदि नहीं दिखाए।
नवाबगंज में अचरा खलवारा स्थित मिश्रा बीज भंडार व किसान बीज भंडार पर पहुंचते ही दुकानदार भाग गया। जबकि बालाजी बीज भंडार पर बीज का लाइसेंस, बिल नहीं दिखाए गए। इस पर चारों दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इसके अलावा अनियमितता मिलने पर अचरा रोड लुधइया स्थित निमित खाद व बीज भंडार, नवाबगंज में आर्या बीज भंडार, कृष्णा बीज भंडार, गुप्ता बीज भंडार व नंदनी बीज भंडार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 44 दुकानों पर छापा मारकर 32 नमूने लिए गए। कुल पांच लाइसेंस निलंबित करने के साथ पांच दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं।