फर्रुखाबाद। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसमें जिले भर के कुल 1717 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि केंद्र में प्रवेश के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ईयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के लिए बद्री विशाल कॉलेज, डीएन पीजी कॉलेज फतेहगढ़, केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज, मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज तथा एनएके पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त दो पर्यवेक्षकों को रिजर्व रखा गया है। प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी, बंदोबस्त अधिकारी कोदईराम, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद त्रिलोक चंद्र शर्मा तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी दामोदर प्रकाश अग्रहरि को स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
इसके अलावा एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी यदुवंश वर्मा तथा जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह को केंद्र प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किताबें, नोट्स, कागज की पर्चियां या अन्य अध्ययन सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी प्रकार का बैग, हैंडबैग और कीमती सामान परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना वर्जित है। अभ्यर्थियों को सिर्फ प्रवेश पत्र और निर्धारित पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश करना है।