ससुराल से पत्नी को लेकर आते समय चेचिस ट्रक की चपेट में आकर मां बेटे की मौके पर मौत हो गई जबकि पति मामूली घायल हो गया। हादसे की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने इटावा बरेली हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस ने जैसे तैसे जाम को खुलवाया और शवों को लोहिया अस्पताल भेज दिया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मलोखर निवासी अरविंद यादव की शादी जिला हरदोई थाना हरपालपुर के गांव बरामऊ दहेलिया निवासी संध्या से डेढ़ साल पहले हुई थी। अरविंद की पत्नी अपने मायके में थी। शुक्रवार को अरविंद बाइक से पत्नी के साथ लौट रहा था।
संध्या अपने चार माह के बेटे अंचल को गोद में लिए बैठी थी। इटावा बरेली हाइवे हरियाली मार्केट के पास पीछे से आ रहे चेचिस ट्रक की चपेट में आकर मां बेटे बाइक से गिर पड़े। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में अरविंद मामूली घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
कुछ दूर जाकर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर जहानगंज और मोहम्मदाबाद पुलिस के बीच सीमा विवाद बना रहा। इसको लेकर लोग आक्रोशित हो गए। कुछ ही देर में अरविंद के परिवार वाले भी मौके पर आ गए।
परिजनों ने मौके पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई। सूचना पर प्रभारी कोतवाल भीमसिंह जावला, जहानगंज एसओ प्रदीप यादव और मऊदरवाजा एसओ सुनील यादव मौके पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को जैसे तैसे समझा बुझा कर शांत किया और शवों को लोहिया अस्पताल भेज दिया।