फर्रुखाबाद। राजेपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पर प्रसव के लिए 20 हजार रुपये का खर्च बताकर डेढ़ लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है। शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के पिटारमऊ गांव की मीरा देवी ने राजेपुर थाना में समाधान दिवस में इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि 21 जून को अपनी पुत्रवधू मुस्कान को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था।
अस्पताल प्रबंधक ने ऑपरेशन से प्रसव का खर्च 20 हजार रुपये बताया था। प्रसव के बाद भी बहू की तबीयत बिगड़ती रही और तेज बुखार आने लगा। दोबारा इलाज के लिए जाने पर अस्पताल संचालक और स्टाफ ने धीरे-धीरे डेढ़ लाख रुपये ले लिए। इतने खर्च के बावजूद बहू की तबीयत में सुधार नहीं हुआ।
मीरा देवी ने शिकायत की कि अस्पताल में महिलाओं की देखरेख के लिए पुरुष कर्मचारी लगाए गए हैं। इससे महिलाओं की निजता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इलाज के दौरान दवाई मांगने पर कर्मचारियों ने पैसे जमा न होने का हवाला देकर दवाई देने से मना कर दिया। मीरा देवी ने मामले की जांच कर अस्पताल संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीएम रविंद्र सिंह ने सीएमओ से बात कर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।