फर्रुखाबाद। सदर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी व विधायक मेजर सुनील दत्त समेत 36 लोगों के खिलाफ पुलिस ने आचार संहिता व कोरोना की गाइड लाइन के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली की सिविल लाइन चौकी प्रभारी आनंद शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के सदर विधान सभा क्षेत्र प्रत्याशी व सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी व 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता व कोराना की गाइड लाइन का उल्लंघन करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया कि भाजपा के सदर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी मेजर सुनील दत्त द्विवेदी गुरुवार को नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट आए थे।
उस दौरान मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के साथ डीएन कालेज से लेकर कलक्ट्रेट तक आई भीड़ ने आचार संहिता का उल्लंघन कर नारेबाजी की और कोरोना की गाइड लाइन का पालन भी नहीं किया। मामले की दरोगा दलवीर सिंह को दी गई है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा के सदर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी समेत 36 के खिलाफ रिपोर्ट कर विवेचना शुरू कर दी गई है।