फर्रुखाबाद। नगर पालिका में 1.50 करोड़ से खरीदे कैप्सूल कॉम्पेक्टर जंग खा रहे हैं। इन्हें सफाई में सहूलियत और डीजल की बचत का सपना दिखाकर तीन साल पहले खरीदा गया था।
जबकि हकीकत में चार जगह अलग-अलग लगाए गए कॉम्पेक्टर (कूड़े को दबाकर मात्रा कम करने वाला) का शुभारंभ ही नहीं हुआ। हालत यह है कि अब भी कूड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच बाजार से दिन भर गुजरते हैं। इससे मुख्यमार्ग पर जाम और गंदगी फैलती है।
शहर के कूड़े का डंपिंग स्थल करीब 10 किमी दूर आमिलपुर गांव में बना है। फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद नगर का कूड़ा पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां डालने जाते हैं। रोजाना करीब 100 ट्रॉली कूड़ा ढोने में पालिका 15 ट्रैक्टर ट्रॉली, चार ट्रैक्टर जेसीबी, हूपर, डीसीएम, ट्रक कॉम्पेक्टर, जेसीबी पर करीब 50 हजार रुपये का 600 लीटर डीजल खर्च करती है।
उधर, तीन साल पहले करीब 1.50 करोड़ रुपये से चार कैप्सूल कॉम्पेक्टर और हुकलोडर खरीदे गए थे। सपना था कि इससे कूड़ा कंप्रेस हो जाएगा और एक ही बड़ी गाड़ी में उसे ले जाना आसान होगा। ऐसे में कूड़ा ले जाने वाले वाहनों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी तो सुबह 10 बजे बाजार खुलने से पहले ही कूड़ा भी उठ जाएगा। इससे कूड़ा लदी ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
न शुभारंभ हुआ न चलाने वालों की तैनाती
स्थिति यह है कि पालिका ने फतेहगढ़ रोडवेज कार्यशाला के पास, बीबीगंज, श्यामनगर बिजली उपकेंद्र के पास, मिशन कंपाउंड के सामने कॉम्पेक्टर बनवा दिए। एक साल बाद फाउंडेशन बने और अब एक साल से बिजली कनेक्शन लेने के बावजूद तीन कॉम्पेक्टर का शुभारंभ तक नहीं हुआ।
चंद महीने रोडवेज कार्यशाला के पास रखे कॉम्पेक्टर को चलाया गया। बंद पड़े चारों कॉम्पेक्टर और हुक लोडर खड़े-खड़े जंग खा रहे हैं। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। काॅम्पेक्टर चलाने के लिए किसी कर्मचारी की अलग से तैनाती नहीं की गई। सफाई नायक को ही उनके संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी।
ईओ बोले- बिजली पर खर्च नहीं पता, चोर काट ले जाते तार
पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विनोद कुमार को नहीं पता कि कॉम्पेक्टर के अलग कनेक्शन हुए अथवा लोड बढ़वाया गया। उन्होंने बताया कि चोर बार-बार तार काट ले जाते हैं, लिहाजा कॉम्पेक्टर नहीं चल पाते। डंपिंग स्थल दूर होने की वजह से कूड़ा उठाने में समय लगता है। प्रयास करेंगे कि कॉम्पेक्टरों का अधिक से अधिक संचालन हो।