फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: एजुकेटर भर्ती साक्षात्कार की सूची बदलने पर अभ्यर्थियों का हंगामा

Sun, 01 Mar 2026 01:11 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फर्रूखाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। विकास भवन में साक्षात्कार देने पहुंचे 318 एजुकेटर अभ्यर्थियों ने सूची बदली देख हंगामा कर दिया। मामला सीडीओ के संज्ञान में आने पर फटकार लगाई। इसके बाद दूसरी सूची चस्पा की गई। 106 सीटों के लिए 3,388 आवेदन किए गए हैं। सूची बदलने में बीएसए दफ्तर में तैनात एक डीसी (समन्वयक) की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन

बेसिक शिक्षा विभाग में आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह साल तक के बच्चों को खेल-खेल में प्राथमिक शिक्षा के लिए तैयार करने की मंशा से 106 अर्ली चाइल्ड हुड केयर एंड एजुकेशन (ईसीसीई) अथवा एजुकेटर की भर्ती का शनिवार सुबह साक्षात्कार शुरू हुआ। इसमें 3388 लोगों ने आवेदन किया था। पहले दिन 318 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इन अभ्यर्थियों को पहले ही सीरियल नंबर दिए गए थे।
विकास भवन में शनिवार सुबह अभ्यर्थी पहुंचे तो वहां बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चस्पा की गई सूची में सीरियल नंबर गड़बड़ मिले। इस पर अभ्यर्थियों और परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। सीडीओ विनोद कुमार गौड़ ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने बीएसए के संबंधित डीसी को फटकार लगाई। इसके बाद चस्पा सूची फाड़कर पुरानी सूची चस्पा की गई। तब कहीं मामला शांत हुआ।
विज्ञापन

इसके बाद साक्षात्कार कमेटी में शामिल सीडीओ विनोद कुमार गौड़, बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह, पिछड़ावर्ग अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी, डायट प्राचार्य, सेवायोजन अधिकारी की मौजूदगी में साक्षात्कार शुरू हो सके। देर शाम तक महिला-पुरुष अभ्यर्थी सभागार और विकास भवन के बाहर डटे रहे।
सीडीओ ने पहले ही तलब कर ली थी पुरानी लिस्ट

बीएसए कार्यालय के सूत्र बताते हैं कि तीन दिन पहले सीडीओ ने सभी अभ्यर्थियों की सूची तलब कर ली थी। इसके बावजूद शुक्रवार रात जिम्मेदार डीसी ने रातोंरात सूची बदल दी थी। बदली सूची ही सुबह चस्पा की गई। इसी के बाद हंगामा शुरू हुआ था।
पहले नौ फिर 173 क्रम संख्या पर पहुंचा नाम
कायमगंज के न्यामतपुर निवासी कंचन ने बताया कि पहली सूची में क्रमांक नौ पर उनका नाम था, मगर सुबह यहां चस्पा सूची में 173 पर पहुंच गया। शमसाबाद की भावना का पहले 59 और चस्पा सूची में 160 पर, आजमगढ़ की शशिकला वर्मा ने बताया कि चस्पा की गई सूची में उनकी क्रम संख्या बदली गई थी।
मानवीय भूल से बदले थे नंबर, हर आवेदक को मिलेगा मौका

बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि सूची बदली नहीं गई थी। मानवीय भूल से पेज के क्रम नंबर बदल गए थे। इसीलिए दिक्कत आई। अभी तक रिक्तियों के तीन गुना अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेने की बात थी, मगर अब जितने अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, सभी को साक्षात्कार में शामिल होने का मौका मिलेगा। जो अनुपस्थित होंगे, उन्हें दोबारा बुलाएंगे। किसी भी अभ्यर्थी को निराश होने की जरूरत नहीं है। अगला साक्षात्कार नौ मार्च को होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें