फर्रुखाबाद। गर्मी बढ़ते ही बंच केबल में आग की घटनाएं होने लगी हैं। मंगलवार देर शाम आवास-विकास तिराहा के पास बंच केबल धू-धू कर जलने लगा। इससे मुख्यमार्ग पर खलबली मच गई। दुकानदारों ने बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। पास के होटल से आग बुझाना शुरू की। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
आवास-विकास तिराहा स्थित एक होटल के सामने रखे ट्रांसफार्मर के पास से बंच केबल गुजरा है। शाम करीब 7:45 बजे बंच केबल में आग लग गई। देखते ही देखते केबल धू-धू कर जलने लगा। आग धीरे-धीरे ट्रांसफार्मर तक भी पहुंचने लगी। आग लगी देख राहगीरों में खलबली मच गई।
तिराहे पर स्थित मनकामेश्वर होटल से मैनेजर महेश शुक्ल ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। फायरब्रिगेड को भी सूचना दी गई। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद होटल से अग्निशमन यंत्र और पानी डालकर जैसे-तैसे आग बुझाई। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। इस दौरान फायरब्रिगेड कर्मचारियों ने सुलगती आग को बुझाया। अधिशासी अभियंता शहरी बृजभान सिंह ने बताया कि गर्मी के चलते बंच केबल में आग लगी। जले बंच को बदलवाकर आपूर्ति चालू कराई जाएगी। समाचार लिखे जाने तक बंच केबल को बदला जा रहा था।