फर्रुखाबाद। मसेनी मार्ग पर अतिक्रमण की जद में आए अस्पतालों पर प्रशासन का बुलडोजर चला। प्रशासन के सख्त रुख को देखकर लोग खुद ही अपना अतिक्रमण हटाने-गिराने में लगे हैं। अतिक्रमण हटने के दौरान एक भाजपा नेता और उसके पड़ोसी के बीच विवाद हो गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बुधवार सुबह आठ बजे सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव की देखरेख में पुलिस व पीएसी की मौजूदगी में लकूला से मसेनी चौराहे की ओर अतिक्रमण हटाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने महादेव और कुलवंती अस्पताल के भवन स्वामियों को 24 घंटे में भवन तोड़ लेने की हिदायत दी। भाजपा नेता दीपक कटियार ने अपने होटल के भवन का नवनिर्मित अगला हिस्सा तोड़ लिया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से पड़ोसी सुरेंद्र तोमर का कब्जा बरकरार रहने पर असंतोष जाहिर किया। सुरेंद्र तोमर भी परिजनों के साथ आ गए और दोनों में विवाद होने लगा। मौके पर पहुंचे बसपा नेताओं ने दोनों को शांत किया।
बुलडोजर से कई दुकानें, मकानों के सामने के चबूतरे, दीवारें गिरा दी गईं। पीछे का हिस्सा खुद तोड़ने की हिदायत दी गई। सुबह पौने 10 बजे अभियान बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था करेगा कि खाली की गई जमीन पर कोई दोबारा कब्जा न कर सके।
चेतावनी के बावजूद फुटपाथ घेरे हैं अस्थाई दुकानदार
कायमगंज। हटाने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद अस्थाई अतिक्रमणकारी फुटपाथ घेरे हैं। इससे पैदल चलने वालों को अपना रुख बदलना पड़ रहा है।
पांच दिन पहले एसडीएम गौरव शुक्ला व सीओ सोहराब आलम ने पुल गालिब तिराहे से गल्ला मंडी चौराहे तक अतिक्रमणकारियों को खुद ही अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी थी। इसके बाद मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि वह खुद ही अपना सामान हटा लें वरना जुर्माना वसूला जाएगा। पुल गालिब तिराहे से गल्ला मंडी तक अतिक्रमण बरकरार है। (संवाद)