कायमगंज। हाथरस में हुए सड़क हादसे में जीजा के भाई और साले की हुई मौत के बाद देर रात युवक का शव आया तो घर में माहौल गमगीन हो गया। सुबह जब बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठी तो हर आंख नम हो गई।
नगर के मोहल्ला बगिया मंगूलाल निवासी परमाल सिंह राठौर का पुत्र सुमित राठौर (22) बहनोई के भाई पिंकू के साथ फरीदाबाद में नौकरी करता था। सुमित की बहन सुमन की सोमवार को बरात आनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शनिवार को सुमित बहनोई के कासगंज के अमापुर के ढकपुरा निवासी भाई पिंकू के साथ बाइक से घर आ रहा था।
सिकंदराराऊ क्षेत्र के कासगंज रोड पर महामई सतावत नगर के पास किसी वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
दोनों हेलमेट नहीं पहने थे। शनिवार देर रात सुमित का शव घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हाे गया। रविवार सुबह सुमित की बहन की डोली उठने से पहले अर्थी उठी तो हर किसी की आंख नम हो गई। घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सुमित और पिंकू की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परमाल ने बताया कि 11 नवंबर को उनकी छोटी बेटी सुमन की बरात आनी थी। पांच बहनों में सबसे छोटी की शादी थी। सुमित का एक छोटा भाई रोहित है।