बहन व भांजे के संक्रमित होने से भाई की शादी रद्द
कायमगंज। नगर के मोहल्ला पाठक में बहन व भांजे के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि होने से भाई की शादी रद्द हो गई है। पूरे परिवार के हाई रिस्क कांटेक्ट में आए 37 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। अब इन सभी के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।
नगर के मोहल्ला पाठक निवासी एक युवक की बरात 29 जून को बदायूं जानी थी। उसकी बहन की शादी जिला रामपुर हुई है। वह 9 वर्षीय बेटे के साथ रामपुर से 2 जून को भाई की शादी में शामिल होने कार से आई थी। युवक की ताई मुरादाबाद से आई हैं। कई दिन वे घर में रहीं और सभी के संपर्क में रहीं। मोहल्ले के कुछ लोगों ने प्रशासन को सूचना दी तो 20 जून को तीनों के रेंडम नमूने लिए गए।
इसकी रिपोर्ट बुधवार सुबह आई। इसमें बहन व भांजे के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। ताई की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद शादी की खुशियों को ग्रहण लग गया। सूचना पर रैपिड रिस्पांस टीम के डॉ. संदीप व गौरव मिश्रा वहां पहुंचे। दोनों संक्रमितों को एंबुलेंस से एल-1 अस्पताल भेज दिया गया। टीम ने हाई रिस्क कांटेक्ट में आए परिवार के 37 लोगों की सूची तैयार की। इन सभी को पीएन फाउंडेशन क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है।
अब घर में सिर्फ युवक की ताई बचीं हैं। उनकी पहले ही जांच हो चुकी है। क्वारंटीन सदस्यों की कोरोना जांच के लिए नमूने लिए जाएंगे। युवक के चचेरे भाई ने बताया परिवार के सभी लोग कोरोना पॉजिटिव बहन के कांटेक्ट में आ चुके हैं। इसलिए शादी फिलहाल रद्द कर दी गई है।
मुख्य बाजार समेत पूरा मोहल्ला सील
कायमगंज। नगर के मोहल्ला पाठक में शादी वाले घर में युवक की बहन की कोरोना पॉजटिव रिपोर्ट आने के बाद जामा मस्जिद से लेकर चौक चौराहे तक मुख्य बाजार सील कर दिया गया है। जामा मस्जिद व चौक चौराहे पर बैरिकेडिंग कर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। इसके अलावा मोहल्ले में जाने वाली हर गली को बंद कर दिया गया है।
सुंदरकांड का पाठ कराने वाली मंडली की तलाश
कायमगंज। मोहल्ला पाठक में शादी वाले घर में दो दिन पहले सुंदरकांड का पाठ भी हुआ था। इसमें पाठ करने के लिए मंडली के चार लोग आए थे। ये सभी इस परिवार के हाई रिस्क कांटेक्ट में आए। डॉ. संदीप ने बताया मंडली के चारों लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी तलाश कर उनका भी नमूना लेकर जांच कराई जाएगी।