फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित रोडवेज वर्कशाॅप के पास मंगलवार दोपहर को रुपये के लेनदेन के विवाद में साले-बहनोई में जमकर चाकू चले। दोनों लहूलुहान हो गए। तीसरा साथी भी घायल हो गया। सड़क पर खून की धार बह निकली। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पूर्व सैनिक बहनोई को मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया।
फतेहगढ़ के मोहल्ला सैनिक कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक व उनके साले के बीच रुपये का लेनदेन था। पूर्व सैनिक का साला घर पहुंचकर अपने बहनोई से रुपये वापस मांगे। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद रोडवेज वर्कशॉप के पास दोनों आमने-सामने हो गए। मामला तूल पकड़ने पर मारपीट हुई। इस कदर चाकू चले कि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साला भी लहूलुहान हो गया। मारपीट में साले का साथी भी घायल हो गया। कोतवाली के उपनिरीक्षक कासिफ हनीफ ने बताया कि वह मौके पर गए थे। पूर्व सैनिक शिवकुमार को मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जबकि उनके साले अमित को कोतवाली लाया गया। उसके साथी भोला सिंह का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया। फतेहगढ़ कोतवाल तेज सिंह ने बताया कि साले-बहनोई में विवाद हुआ है। किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है।