11 गुना महंगी खरीदी सौभाग्य योजना की किट
फर्रुखाबाद। सौभाग्य योजना के कनेक्शन देने के लिए किट खरीद में बड़ी अनियमितता सामने आई है। किट 11 गुना अधिक दाम पर खरीदी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के कानपुर क्षेत्र के सचिव ने प्रबंध निदेशक को जांच के लिए पत्र लिखा है। सचिव का आरोप है कि खरीद में करोड़ों का गोलमाल किया गया है।
बिजली विभाग के एसडीएम जितेंद्र सिंह प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ में कानपुर क्षेत्र के सचिव हैं। दो फरवरी को कानपुर में हुई बैठक में सौभाग्य योजना में महंगी किट खरीद का मुद्दा उठा था। जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में लौटकर उन्होंने इनवाइस (खरीदपत्र) देखा। इसमें प्रति किट 34450 रुपये भुगतान दिया गया है, जबकि किट का वास्तविक मूल्य लगभग तीन हजार रुपये ही है।
करीब 11 गुना अधिक दाम विक्रेता फर्म को दिए गए हैं। कानपुर मंडल के फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, माती कानपुर देहात में दिसंबर से अभी तक इसी मूल्य पर किट भेजी जा रही है। किट प्रदेश स्तर पर खरीद कर स्टोर के माध्यम से जिलों को भेजी जा रही है। अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव किट खरीद में करोड़ों रुपये की अनियमितता होने का आरोप लगाकर जांच के लिए प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा है।
किट में क्या होता है
विद्युत यूनिट रीडिंग मीटर 01
एलईडी बल्ब 01
स्विच बोर्ड 01
एमसीबी बोर्ड समेत 01
लोहे का पतला पाइप 01
केबल अधिकतम 25 मीटर