नवाबगंज। बाेलेरो और ई-रिक्शा की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा में बैठी नौ सवारियां घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव नौगांव निवासी सुरेश कठेरिया के घर रविवार को अन्नप्राशन का कार्यक्रम था। एक ही परिवार के लोग ई-रिक्शा से कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। देर शाम जरहरी गांव के पास बोलेरो ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा पलट गया। इसमें बैठी कोतवाली कायमगंज के गांव मेदपुर निवासी रामपाल कठेरिया की पत्नी बिट्टो देवी (50) की मौत हो गई।
थाना मेरापुर के गांव रामपुर दवीर निवासी शिवराज की पत्नी नेमा देवी, कोतवाली कायमगंज के गांव मेदपुर निवासी ई-रिक्शा चालक नन्हें, थाना शमसाबाद के गांव प्रहलादपुर निवासी रेखा देवी, सुधा घायल हो गई। इसके अलावा खलवारा निवासी अंशुल, शिवकुमार, पल्लवी, सुहागा और अंचल के भी चोटें आईं। तीन घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कायमगंज और छह घायलों को नवाबगंज सीएचसी भेजा गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका बिट्टो देवी के शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।