कंट्रोल रूम से मूल्यांकन कक्ष की निगरानी करते कर्मचारी।
- फोटो : कंट्रोल रूम से मूल्यांकन कक्ष की निगरानी करते कर्मचारी।
फर्रुखाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में नोट निकलने शुरू हो गए हैं। गुरुवार को फतेहगढ़ के दो मूल्यांकन केंद्रों पर 100-100 और 50-50 के नोट निकले। इस दौरान 23075 कॉपियां जांची गईं। कई परीक्षक दूसरे दिन भी अनुपस्थित रहे।
महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ और रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद में मूल्यांकन कार्य चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को जीजीआईसी में कला वर्ग की कॉपियों और जीआईसी फतेहगढ़ मूल्यांकन केंद्र पर विज्ञान वर्ग कॉपियों में 100 और 50-50 के नोट निकले। परीक्षार्थियों ने पास करने का अनुरोध भी किया था। शिक्षकों ने नोटों को चुपचाप जेब में रख लिया।
जिला कंट्रोल रूम से कंप्यूटर ऑपरेटर अंबुज सक्सेना पंकज अवधेश अंकित दुबे और जसविंदर सिंह मूल्यांकन केंद्रों पर निगरानी करते रहे। जिला विद्यालय दीक्षित नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जीआईसी में हाईस्कूल की 4802, जीजीआईसी में हाईस्कूल की 10137 और रस्तोगी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 8136 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। 23075 कॉपियां जांची गई।
जीजीआईसी की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने बताया कि कॉपियों में नोट निकलने की जानकारी नहीं है। वैसे भी शिक्षक नोट निकलने की सूचना देते ही नहीं हैं।