फर्रुखाबाद। विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को भाजपा विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी , सुशील व नागेंद्र ने नामांकन किया। 25 जनवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में पहले दिन विधायकों सहित कुल चार नामांकनपत्र जमा किए गए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है। अभी तक सभी राजनीतिक दल चारों सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाए हैं। भाजपा ने तीन विधायकों को फिर चुनावी रण में उतारा है।
सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, सांसद मुकेश राजपूत व विधायक अपने समर्थकों के साथ डीएन डिग्री कॉलेज परिसर में एकत्र हुए। यहां से सबसे पहले अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य नामांकन करने कलक्ट्रेट गए। उन्होंने चार सेट में नामांकनपत्र दाखिल किए। इनके चार प्रस्तावक मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह, स्वदेश त्रिवेदी, कमल भारद्वाज व छत्रपाल भी उनके साथ मौजूद थे।
नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ दो प्रस्तावकों की अनुमति होने से दो प्रस्तावकों को गेट पर ही रोक लिया गया। दो प्रस्तावकों के आरओ कक्ष से बाहर निकलने के बाद शेष दो अंदर गए। इसके बाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी नामांकन करने गए।
उन्होंने भी नामांकनपत्र के चार सेट जमा किए। इसमें भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, व्यापारी नेता अरुण प्रकाश तिवारी (ददुआ) व अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य के पुत्र संदीप शाक्य प्रस्तावक बने। दो बार में चारों प्रस्तावकों को नामांकन कक्ष में प्रवेश दिया गया।
इसके बाद भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर अपने दो प्रस्ताव रामदत्त व मुक्तिबोध के साथ नामांकनपत्र जमा करने गए। नामांकनपत्र जमा होने के बाद सांसद तीनों विधायकों को साथ लेकर कलक्ट्रेट परिसर से बाहर आए। जीआईसी के पास लगे बैरियर के आगे बढ़ते ही भाजपा कार्यकर्ता विधायकों के साथ जुलूस के रूप में नारेबाजी करते निकले। जुलूस पर रोक होने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी तमाशबीन बने रहे।
डीएन कॉलेज परिसर में पहुंचने के बाद एक-एक कर विधायक व सांसद अपने वाहनों से चले गए। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र अमृतपुर से निर्दलीय उम्मीदवार नवाबगंज ब्लाक क्षेत्र के गांव मंझना निवासी श्यामवीर सिंह ने नामांकनपत्र जमा किया है। विधानसभा क्षेत्र कायमगंज से किसी भी दल या निर्दलीय दावेदार का नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। इसके बाद 23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
कायमगंज सीट पर अपना दल की टिकट पर डॉ. सुरभि लड़ेंगी चुनाव
फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं डॉ. सुरभि को कायमगंज सीट पर भाजपा से टिकट मिलने की संभावना थी। इसको लेकर कायमगंज विधायक सहित भाजपा दावेदारों में आक्रोश पनप गया था। उन्होंने जमकर विरोध भी किया था। इसके बाद भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र फर्रुखाबाद, अमृतपुर व भोजपुर सीट से विधायकों पर फिर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी घोषित कर दिया।
वहीं, पार्टी में विद्रोह होते देख भाजपा ने कायमगंज सीट पर प्रत्याशी घोषित करने के लिए नई चाल चल दी। पार्टी ने कायमगंज सीट गठबंधन सहयोगी अपना दल को दे दी। इसके बाद डॉ. सुरभि अपना दल में चलीं गईं। अपना दल से उन्हें प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। अब डॉ. सुरभि अपना दल से कायमगंज सीट पर चुनाव लड़ेंगी।