भाजपा नेता के विरोध में धरने पर बैठा परिवार।
- फोटो : FARRUKHABAD
फतेहगढ़ के मोहल्ला बजरिया अलीगंज निवासी महेंद्र पाल के नेकपुर स्थित प्लाट पर बाउंड्रीवाल व गेट तोड़कर गिरा दिया गया। उन्होंने भाजपा नेता पर प्लाट कब्जाने का आरोप लगाया। शुक्रवार को परिवार के साथ कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे और जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
मोहल्ला बजरिया अलीगंज निवासी महेंद्र पाल परिजनों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। वे एडीएम कार्यालय के सामने धरना देकर बैठ गए। जिलाधिकारी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि उन्होंने मोहल्ला नेकपुर में प्लाट खरीदा था। इस पर उन्होंने बाउंड्री और गेट लगवाया था।
22 जनवरी को आवास विकास कालोनी निवासी भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह ने कब्जे की नीयत से बाउंड्री तोड़ना शुरू कर दिया। मना करने पर गालीगलौज कर धमकी दी। परिजनों को भगा दिया। अवैध कब्जा कर निर्माण भी शुरू करा दिया गया। इससे पहले परिवार को यह कहकर हटा दिया गया कि पहले डीएम को प्रार्थनापत्र दें।
फिर कार्रवाई न होने पर धरना दे सकते हैं। फतेहगढ़ कोतवाली में आईजी जोन मोहित अग्रवाल के मौजूद होने पर पीड़ित परिवार फरियाद लगाने पहुंचा। वहां पुलिस कर्मियों ने आईजी से मिलने नहीं दिया। इससे वह निराश होकर लौट गए।
भाजपा के जिला महामंत्री शैलेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि प्लाट उनका है। प्रापर्टी डीलर ने महेंद्र से ठगी की और बिना दिए उनकी भूमि की ओर इशारा कर दिया। प्रापर्टी डीलर ने महेंद्र पाल को 25 गुणा 70 वर्ग फीट भूमि का सड़क के दूसरी ओर बैनामा कराया था जबकि मौके पर 21 गुणा 63 वर्ग फीट की भूमि है।
वह अपनी 15.5 गुणा 70 वर्ग फीट पर निर्माण करा रहे हैं। बाउंड्रीवाल उर्मिला शाक्य ने बनवाई थी। प्रापर्टी डीलर ने कई लोगों से करोड़ों की ठगी की है। उन्हें षड्यंत्र के तहत बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।