पांच ब्लॉकों में ही भाजपा ने उतारे प्रत्याशी
फर्रुखाबाद। भाजपा को दो ब्लॉकों में प्रत्याशी नहीं मिले हैं। सीट आवंटन को लेकर भाजपा में रार भी छिड़ गई है। कुल पांच ब्लॉकों में ही भाजपा ने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं पहले से चुनाव की तैयारी कर रहे भाजपा नेता भी अपनों के खिलाफ ताल ठोकने की तैयारी में हैं।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में नामांकन से एक दिन पूर्व भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें मोहम्मदाबाद व नवाबगंज से कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। ब्लॉक कमालगंज की महिला सीट पर भाजपा जिला महामंत्री फतेहचंद्र वर्मा के भाई शीलचंद्र वर्मा की पत्नी शकुंतला देवी, अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित बढ़पुर से पूर्व जिला महामंत्री शैलेंद्र सिंह राठौर की सिफारिश पर सावित्री देवी कठेरिया को प्रत्याशी बनाया है।
पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित शमसाबाद से सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि रामकिशोर वर्मा की पुत्रवधू सुषमा वर्मा, अनारक्षित कायमगंज से जिला मंत्री रश्मि दुबे की देवरानी अनुराधा दुबे व राजेपुर से दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह के पुत्र पल्लव सोमवंशी को भाजपा से टिकट मिली है।
प्रमुख पद पर टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में अंदरखाने विरोध भी शुरू हो गया है। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में टिकट आवंटन के बाद विरोध खुलकर सामने आ गया था। बताया जा रहा है कि नवाबगंज में सपा नेता की मजबूत दावेदारी देख भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पद पर पार्टी से टिकट देने का निर्णय क्षेत्रीय व प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिया गया है।