फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव सादिकपुर में बिना अनुमति संचालित पी एंड ए बायो रिफाइनरी प्राइवेट लिमिटेड पिछले दो साल से निर्माणाधीन है और बिना फायर एनओसी के संचालित की जा रही। यह फर्म रजिस्टर्ड भी नहीं थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्लांट में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी उठी चिंगारी से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और रिफाइनरी में रखे 70 से अधिक कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर धमाकों के साथ फटने लगे। आग बॉयलर तक पहुंच गई, इससे बायोडीजल से भरे ड्रम भी विस्फोट करने लगे।
मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, लेकिन लगातार हो रहे विस्फोटों के चलते उन्हें बार-बार पीछे हटना पड़ा। बताया जा रहा है कि यह प्लांट इनवेस्ट यूपी के जरिए स्थापित किया जा रहा था और इसकी दैनिक उत्पादन क्षमता 30 हजार लीटर थी। फिलहाल अधिकारियों ने बायोडीजल की मात्रा और क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। (संवाद)
कड़ी मशक्कत के बाद तीन घंटे में बुझी आग
फर्रुखाबाद। नवाबगंज क्षेत्र के सादिकपुर स्थित बायो रिफाइनरी में लगी भीषण आग को तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया जा सका। आग बुझाने में जिले की तीन दमकलों के साथ सेना की गाड़ियां भी लगाई गईं। नियंत्रण न मिलने पर कन्नौज से एक फायर टेंडर मंगाना पड़ा। दमकल वाहन दो बार चौरसिया गांव (3 किमी. दूर) से पानी भरकर लाए। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
आग से दहशत में आए ग्रामीण खेतों की ओर भागे
फर्रुखाबाद। सादिकपुर बायो रिफाइनरी में लगी भीषण आग से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। धुएं और धमाकों की आवाज सुनकर ग्रामीण भयभीत हो गए और घर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। तीन घंटे की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
एलपीजी सिलिंडर फटने से गूंजे धमाके
फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के सादिकपुर गांव स्थित 22 बीघा में फैले बायो रिफाइनरी प्लांट में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में बड़ी मात्रा में रखे एलपीजी सिलिंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे तेज धमाके हुए और इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले।
इन्वेस्ट यूपी के तहत प्लांट को बनाया जा रहा था। निर्माण का कार्य अंदर चल रहा। अभी संचालन की एनओसी नहीं मिली थी। आग लगने के कारणों को जानने के लिए जांच समिति बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-आशुतोष कुमार द्विवेदी जिलाधिकारी फर्रुखाबाद।