संकिसा। चाचा-भतीजे की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे भतीजे की मौत हो गई, जबकि चाचा समेत तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। दोनों ही बाइकों पर सवार लोग हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
कन्नौज जिले के थाना तालग्राम के गांव मुड़िया निवासी बदन सिंह (25) अपने चाचा बृजेश (20) के साथ मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मपुरी में होली उठाकर बाइक से वापस घर रहे थे। गांव साहबगंज के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
इसमें बदन सिंह, बृजेश और दूसरी बाइक पर सवार शीलेंद्र (22) निवासी कुतुबुद्दीनपुर, थाना मेरापुर घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने घायलों को मोहम्मदाबाद सीएचसी भेजा। हालत गंभीर होने पर वहां से तीनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लोहिया अस्पताल में घायल बदन सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। उसके सिर पर भी चोटें आईं थीं। घायल शीलेंद्र की हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। सूचना पर अस्पताल पहुंची बदन सिंह की पत्नी सोनी व अन्य परिजन रो-रो कर बेहाल हो गए।
बदन सिंह के दो पुत्र आसिफ और बाबू हैं। कुतुबुद्दीनपुर के लालू ने बताया कि उसका भाई शीलेंद्र गमी उठाकर रिश्तेदारी से लौट रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई।