सवारी बनकर ट्रक पर चढ़े असलहाधारी बदमाशों ने चालक और उसके भाई के हाथपैर बांधकर मोहम्मदाबाद इलाके में फेंक दिया। इसके बाद बदमाश माल लदा ट्रक लूटकर फरार हो गए। किसी प्रकार कोतवाली पहुंचे पीड़ितों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की।
ट्रक में करीब 10 लाख रुपये का माल है। हालांकि घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
कानपुर नगर के बर्रा साउथ निवासी विनीत मिश्रा ट्रक का चालक है। इसी ट्रक में उसका भाई प्रमोद हेल्पर का काम करता है
। यह ट्रक बाकरगंज निवासी अनवार खां का है। शुक्रवार को विनीत दिल्ली से ट्रक पर परचून का सामान और जूता-चप्पल के गत्ते लादकर कानपुर जा रहे थे। शुक्रवार रात बेवर चौराहा पर चार युवकों ने ट्रक को हाथ देकर रोका और सवारी बनकर उस पर सवार हो गए।
जब ट्रक गुरसहायगंज इलाके से गुजर रहा था। उसी समय बदमाशों ने दोनों भाइयों को तमंचा लगा दिया। इसके बाद ट्रक को वहां से वापस मोहम्मदाबाद रोड पर लेकर आ गए। यहां पर बदमाशों ने अलावलपुर-गैसिंगपुर मार्ग पर स्थित ब्रजेश दुबे के कोल्ड स्टोरेज के पास दोनों को हाथ, पैर बांधकर फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए।
रात को दोनों भाइयों ने किसी तरह अपने हाथ, पैर खोले और कोल्ड स्टोरेज में जाकर घटना की जानकरी दी। यहां से कर्मचारियों ने दोनों को कोतवाली जाने की बात कहकर भेज दिया।
दोनों भाइयों ने गश्त कर रहे सिपाहियों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनाें भाइयों से घटना की जानकरी ली इसके बाद ट्रक की खोजबीन शुरू कर दी। सुबह ट्रक मालिक भी कोतवाली पहुंच गया। पीड़ित भाइयों ने बताया कि लुटेरे उसके पास से नगदी और मोबाइल भी लूटकर ले गए हैं।
दरोगा एएस जैदी मामले की जांच कर रहे हैं। कोतवाल प्रदीप शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चालक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने की तैयारी कर रही है।