अस्पताल में भर्ती सराफा व्यवसाई का पुत्र
- फोटो : amarujala
दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यापारी को नकाबपोश लुटेरों ने गोली मारकर लूट लिया।व्यापारी को गंभीर हालत में लोहिया रेफर कर दिया गया है।
नगर के मोहल्ला पाठक निवासी शिवांश (22) पुत्र आशुतोष रस्तोगी शुक्रवार देर शाम अपनी सराफा की दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे, तभी मोहल्ले में ही बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने उस पर गोली चला दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया और भाग खड़ा हुआ। इस पर लुटेरों ने व्यापारी पुत्र पर दोबारा चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लुटेरों ने इसी दौरान उससे बैग छीन लिया और हवाई फायर करते हुये सूर्या नर्सिंग होम के पीछे खेतों की तरफ से होते हुए भाग गए। इधर, गोली की आवाज सुनकर घायल के परिजन व मोहल्ले वाले आ गए। घायल व्यापारी पुत्र को सीएचसी में भर्ती कराया। सरेशाम लूट व गोली मारकर घायल करने की सूचना से नगर में अफरातफरी का माहौल हो गया।
नगर के व्यापारी सीएचसी पर इक्कठा हो गए। सूचना पाकर सीओ मोहम्मदाबाद उमेश कुमार व कोतवाली प्रभारी दधिबल तिवारी मौके पर पहुंचे। इधर, घायल व्यापारी पुत्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। व्यापारी पुत्र के साथ हुई लूटकांड में कितनी लूट हुई इसका अभी कोई पता नहीं चल पाया।
घायल के पिता आशुतोष का कहना है कि उनके पुत्र को ही पता है कि झोले में कितनी नगदी व जेवरात थे। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक लुटेरे लाल रंग की पल्सर मोटर साइकिल से आए थे।