लोहिया अस्पताल की ओपीडी में पर्चा बनवाने को लगी भीड़।
- फोटो : FARRUKHABAD
ओपीडी पर्चा काउंटर पर धक्कामुक्की
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में पहले पर्चा बनवाने को लेकर धक्कामुक्की हो गई। सेना में भर्ती देखने आए युवाओं की भीड़ की वजह से आम मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ओपीडी में 11 बजे तक मात्र एक डॉक्टर ही बैठे दिखे।
मंगलवार को सेना में भर्ती होने आए युवाओं से 48 घंटे के अंदर की कोरोना रिपोर्ट मांगी गई, तो सैकड़ों भीड़ लोहिया पुरुष अस्पताल में उमड़ पड़ी। फ्लू कॉर्नर पर जब लंबी कतार लग गई, तो साधारण मरीजों के लिए बने पर्चा काउंटर पर भी इन्हीं युवाओं की लाइन लगवा दी गई। इससे पहले पर्चा बनवाने को लेकर धक्कामुक्की शुरू हो गई।
ढाई बजे तक 150 से अधिक कोरोना के नमूने लिए गए। सेना भर्ती वाले युवाओं की वजह से आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया, अचानक युवाओं की भीड़ बढ़ गई थी। काम जल्दी हो, इसलिए सामान्य पर्चा काउंटर पर दूसरी लाइन लगवा दी थी। जल्दबाजी न करने के लिए युवाओं को समझा दिया गया था। डॉक्टर राउंड पर चले जाते हैं, तो मरीजों को इंतजार करना होता है।