आर्यावर्त ग्रामीण बैंक कायमगंज शाखा में सोमवार को भारी भीड़ के चलते ग्राहकों में धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान एक महिला दबकर चुटहिल हो गई। पैसे न मिलने के चलते महिला रोते हुए घर लौट गई।
सोमवार को जब एक दिन अवकाश के बाद बैक खुले तो ग्राहकों की भारी भीड़ बैंक के बाहर देखी गई। वहीं आर्यावर्त ग्रामीण बैंकों का हाल सबसे खराब है। एजीबी कायमगंज शाखा में लोग धक्का-मुक्की करते दिखाई दिए। बैंक से पेंशन निकालने आई अताईपुर निवासी हंसमुखी धक्का-मुक्की होने से नीचे गिरकर दब गई और उनको काफी चोटें आईं।
जैसे-तैसे उसे लोगों ने उसे उठाया। पैसे न मिलने पर हंसमुखी रो पड़ी और घर लौट गईं। वहीं बीमार रिटायर्ड शिक्षक माखनलाल पाल निवासी मोहल्ला छपट्टी का कहना है कि आखिरकार ग्रामीण बैंकों के हालात कब सुधरेंगे और कब आसानी से पैसा मिलेगा। भीड़ अधिक होने से रेलवे रोड पर जाम की स्थिति बन गई,
जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं एजीबी की मंडी समिति शाखा में भी सुबह से ग्राहकों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ ज्यादा होने से यहां पर ग्राहकों को 2 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया। वहीं सेंट्रल बैंक में कुछ देर कैश बंटने के बाद नो कैश का बोर्ड लग गया। नगर में लगे आठ एटीएम में कोई भी एटीएम चालू नहीं दिखा।