दाना मिलाते भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
मोहम्मद साहब के यौमेपैइादश पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के लोग बुधवार को कटरी धर्मपुर स्थित गोसदन में चारा, दाना व गुड़ लेकर पहुंचे। उन्होंने पशुओं की सेवा का संकल्प लेते हुए हर सप्ताह चारा व दाना की व्यवस्था करने की बात कही। इसके साथ ही अल्पसंख्यक मोर्चा ने गोसदन में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर चलाए जा रहे अमर उजाला की पहल को भी सराहा।
बुधवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हाफिज पुत्तनमियां और शाकिर अली मंसूरी के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोग चारा, दाना और गुड़ लेकर गोसदन पहुंचे। अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने चरनी में पड़े सूखे भूसे को गीला करके उसमें दाना, हरा चारा और गुड़ मिलाया। भूसा में चारा व दाना मिलाते ही पशुओं ने चरनी खाली कर दी। उन्होंने गोसदन में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर रोष जताया।
हाफिज पुत्तनमियां ने कहा कि हमारी सरकार में ही गोवंशों की दुर्दशा हो रही है। इस ओर सरकार गंभीरता से ध्यान दे। शाकिर अली ने कहा कि उनकी पत्नी मुमताज बेगम मंसूरी ने चारा, दाना और गुड़ की व्यवस्था कराई है। शाकिर अली ने कहा कि माह में दो बार गोसदन में वह अपने स्तर से पशु के लिए मेडिकल कैंप लगवाएंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा के लोगों ने गोसदन को लेकर चलाई जा रही अमर उजाला की पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अमर उजाला की पहल आगे और रंग लाएगी।
अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष इरफान खां, लक्ष्मण सिंह एडवोकेट, अली अहमद मंसूरी, जाफर अली मंसूरी, नईम खलीफा, आदिल खां, मोहम्मद आमिर खां, मोहम्मद अहमद मसूदी, मोहम्मद असद मसूदी, मोहम्मद अरशद मसूदी, चांदमियां, समीर और साबिर अली मंसूरी आदि रहे।