फर्रुखाबाद। मजदूरी कर घर लौटते समय ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बवाल की आशंका को देखते हुए परिजनों के आने के पहले शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया।
थाना राजेपुर के गांव महमदपुर गढ़िया निवासी सत्यपाल (45) बुधवार देर शाम फर्रुखाबाद से मजदूरी कर साइकिल से घर जा रहा था। पांचालघाट के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। सूचना पर पांचालघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएसआई देवेंद्र गंगवार भी पहुंच गए। पुलिस ने किसी भी बवाल की आशंका में शव टेंपो से पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
घटना की सूचना सत्यपाल के परिवार वालों को दी। इस पर बेटे उदितराय समेत अन्य लोग लोहिया अस्पताल पहुंच गए। इससे वहां चीत्कार मच गया। इस बीच परिजनों ने कुछ लोगों से अभद्रता कर दी। शव काफी देर तक न पहुंचने पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। एसएसआई देवेंद्र गंगवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।