फर्रुखाबाद। बाबा नीबकरोरी मूर्ति विग्रह स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को बाबा नीबकरोरी धाम मोहम्मदाबाद में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया था।
मोहम्मदाबाद विकास खंड क्षेत्र के गांव नीबकरोरी स्थित श्री बाबा नीबकरोरी धाम के स्थापना दिवस को लेकर तड़के से ही मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कायमगंज, हरदोई, कानपुर, बेवर आदि से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। मंदिर से पहले ही बड़े वाहनों को पुलिस ने रोक लिया था। बाबा नीबकरोरी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
भक्तों ने पूजा अर्चना के बाद बाबा नीबकरोरी महाराज को मालपुओं आदि का भोग लगाया। जिला जज विनय कुमार, एडीजे अभिनतम उपाध्याय, संजय सिंह, जयवीर सिंह, दीपिका रानी व अनामिका आदि न्यायिक अधिकारी दोपहर करीब 12.40 बजे बाबा नीबकरोरी मंदिर पहुंचे। विधि-विधान से न्यायिक अधिकारियों ने बाबा नीबकरोरी का पूजन कर मत्था टेक मनौती मांगी। मंदिर के आसपास लगे मेले का भी लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। महिलाओं ने चाट-पकौड़ी का आनंद लिया तो बच्चों ने खेल-खिलौने खरीदे।
-
जिलाधिकारी ने वितरित किए कंबल
सुबह नीबकरोरी धाम पहुंचे डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मंदिर परिसर में पहुंचे। जिलाधिकारी ने परिसर में हो रही अखंड पाठ का समापन कर अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर यज्ञ में मंत्रोच्चारण के साथ पूर्ण आहुतियां दी। इस दौरान आचार्य शशांक मिश्रा ने यज्ञ में मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दिलवाई।जिलाधिकारी ने मंदिर में स्थापित सभी देवी देवताओं का पूजन-अर्चन अर्चन कर भोग लगाया। जिसके बाद धाम में आए साधु-संतों को कंबल वितरण किया। सुबह 9:30 बजे भंडारे का आयोजन शुरू किया गया।