फर्रुखाबाद। बैंक से रुपये निकालकर घर जाते समय वृद्ध मां व दिव्यांग बेटे से लूट का प्रयास किया गया। आरोप है कि ट्राइसाइकिल से जा रहे मां-बेटे के घर के नजदीक पहुंचने पर पीछे से बाइक से आया निलंबित विद्युत कर्मचारी बेटे के हाथ से थैला छीनने लगा। इस दौरान थैला फट गया और रुपये गली में गिर गए। तभी आरोपी करीब दस हजार रुपये उठाकर बाइक से भागने लगा। शोर होने पर स्थानीय लोगों ने उसे पीछा कर पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अपर दुर्गा कालोनी निवासी दिव्यांग वीरपाल सिंह (55) वृद्ध मां श्यामवती के साथ रहता है। श्यामवती के पति सेना में थे। उनकी मृत्यु के बाद पेंशन मिलती है। वीरपाल शनिवार को मां को ट्राईसाइकिल पर बैठाकर फतेहगढ़ स्टेट बैंक की शाखा से रुपये निकालने गया। दोपहर करीब तीन बजे बैंक से 40 हजार रुपये निकाले और झोले में रख लिए। इसके बाद दोनों घर जा रहे थे। घर के पास चढ़ाई होने से ट्राईसाइकिल रुक गई। तभी पीछे से मोहल्ला हाथीखाना निवासी एक युवक बाइक से आया और उसने बाइक खड़ी कर ट्राईसाइकिल में धक्का मार कर ऊपर चढ़वा दी। इसके बाद उसने वृद्धा से घर में पड़े ताले कीचाबी मांगी। वीरपाल ने मना कर दिया। आरोप है तभी वीरपाल के हाथ से रुपये भरा थैला युवक छीनने लगा। इण्स दौरान थैला फट गया और 100-100 की गड्डियां जमीन पर गिर पड़ीं। युवक एक गड्डी उठाकर बाइक से भागने लगा। तभी वीरपाल ने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोगों ने बाइकों से पीछा किया और युवक को कर्नलगंज चौकी के नजदीक पकड़ लिया, पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक ने बताया कि वह विद्युत निगम में एसएसओ के पद पर तैनात है। उसको नौकरी मृतक आश्रित में मिली है। वर्तमान में वह निलंबित चल रहा है। वृद्धा और उसका पुत्र कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर दी है। कोतवाल जसवंत सिंह ने बताया कि जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।