कमालगंज। तेज हवा में पेड़ की डाल गिरने से सीएचसी परिसर में हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। शेखपुर के पास सड़क किनारे एचटी लाइन में आग लग गई। इससे क्षेत्र की बिजली गुल रही।
शेखपुर स्थित पेट्रोल पंप के निकट मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन में गुरुवार रात करीब नौ बजे अचानक आग लग गई। लपटों ने आसपास अन्य पेड़ों को भी चपेट में ले लिया। विद्युत कर्मियों ने मशक्कत कर आग बुझाई।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रात करीब ग्यारह बजे तेज हवा चलने से पेड़ की डाल टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गई। इससे विद्युत लाइन टूट गई। दो जगह हाईटेंशन लाइन टूटने से कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। रात भर बिजली न आने से लोग परेशान रहे। शुक्रवार को लाइनमैन ने लाइन ठीक करने का काम शुरू किया। लाइन दुरुस्त होने के बाद सुबह नौ बजे आपूर्ति चालू हुई।
फोटो- 26
पोल टूटने से 30 गांवों की बिजली रही गुल
अमृतपुर। विद्युत उपकेंद्र के न्यू करनपुर फीडर की 11 केवी लाइन का पोल गुरुवार को टूट गया था। इससे करीब 30 गांवों की रात भर बिजली गुल रही। शुक्रवार को पोल लगाने और तार बांधने का काम कराया गया। देर शाम तक गांवों की आपूर्ति शुरू हो सकी। (संवाद)
चेकिंग में 10 जगह बिजली चोरी पकड़ी
फर्रुखाबाद। विजिलेंस प्रभारी भूपेंद्र कुमार ने शुक्रवार को टीम के साथ गंगापार क्षेत्र में राजेपुर और अमृतपुर में चेकिंग अभियान चलाया। राजेपुर में कुछ घरों में बिजली चोरी पकड़ी। अन्य गांवों में चेकिंग अभियान में एक चक्की व कारखाना में चोरी से बिजली जलाते पकड़ी। विजिलेंस प्रभारी ने बताया कि 10 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। वीडियो देखकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट बनने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।