फर्रुखाबाद। बहन व चचेरे भाई के ऊपर थूकने के बाद शिकायत करने गए हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा के पुत्र पर दबंगों ने जानलेवा हमला बोल दिया। बचाने आए एक अन्य को भी लहूलुहान कर दिया। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर एक को रेफर कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने एक नामजद व 12 अज्ञात पर रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बजरिया निहालचंद्र निवासी विमलेश मिश्रा का पुत्र विमर्श मिश्रा (17) बुधवार रात मां, बहन और चचेरे भाई के साथ दावत से लौट रहे थे। मकान से कुछ दूरी पर खड़े नशेड़ी युवकों ने थूक दिया, जो परिजन पर जा गिरा। विमर्श ने मना किया, तो दबंगों ने हमला बोल दिया। सिर में गंभीर चोट होने से विमर्श बेहोश हो गया। विमलेश पुत्र को लोहिया अस्पताल ले गए, तो 12 अन्य लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। गालीगलौज सुनकर मोहल्ले के ही नसरुद्दीन बचाने पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। विमर्श को लोहिया अस्पताल से रेफर किया गया है।
विमलेश मिश्रा ने बजरिया जाफर खां निवासी केशव कश्यप व 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि दबंग मोहल्ले में दहशत फैलाना चाहते हैं। वह पुलिस के खिलाफ भी गालीगलौज कर रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी केशव को हिरासत में ले लिया है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से अन्य की तलाश की जा रही है।