फर्रुखाबाद। उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों व व्यापारियों ने शहर में अतिक्रमण व टू्टी सड़कों का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार शाम उद्योग बंधु व व्यापार मंडल की बैठक में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने नगर मजिस्ट्रेट व ईओ को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थानों पर फुटपाथ पर दुकानदारों को बैठने की अनुमति दी जाए। मोहल्ला सधवाड़ा व अन्य स्थानों पर सफाई की जाए। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें गड्ढामुक्त हों।
ईओ रविद्र कुमार ने बताया कि नाला मछरट्टा व गुदड़ी में नाली व सड़क इंटरलॉकिंग का टेंडर हो चुका है। अक्तूबर में निर्माण कराया जाएगा। कपिल साध ने छपाई इकाइयों के विद्युत कनेक्शन जोड़ने की मांग की। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व उद्यमियों के साथ बैठक कर स्टांप पेपर पर ले लिया जाए कि इकाइयों में छपाई कार्य नहीं किया जाएगा। जिससे विद्युत कनेक्शन जोड़ने की कार्रवाई की जा सके। पशुपालकों के गोवंश अन्ना मिलने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। अधिशासी अभियंता विद्युत शहरी ने शहर में 13 ट्रांसफार्मर पर जाली लगाने का कार्य स्वीकृति होने की जानकारी दी। रोहित गोयल ने टेक्सटाइल पार्क हैंडओवर होने से पहले यूपीएसआईडीसी से पार्क की मार्किंग कराने की मांग की गई। डीएम ने एसडीएम सदर की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।