फर्रुखाबाद। शहर के डिग्गी ताल व उससे जुड़ी करोड़ों की भूमि पर माफियाओं ने लेखपाल की मिलीभगत से प्लाटिंग कर दी। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई है। एक भाजपा नेता पर भी भूमि बेचने का आरोप लगाया गया है।
सांसद के प्रतिनिधि शहर के मोहल्ला श्यामनगर निवासी लज्जाराम, रामकिशोर दुबे व सुनील शर्मा ने भूमाफियाओं के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि शहर में स्थित डिग्गीताल व उसके दक्षिण में खाली पड़ी सरकारी सरकारी भूमि पर भूमाफियाओं ने प्लाटिंग कर ली है। लेखपाल की मिलीभगत से कागजों में हेराफेरी कर करीब 30-40 बीघा सरकारी भूमि की बिक्री कर करोड़ों के वारे-न्यारे किए गए।
यह भी कहा कि पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी ने प्लाटिंग पर रोक लगाई थी। इसका एक बोर्ड भी लगाया गया, जिसे भूमाफियाओं ने उखाड़कर फेंक दिया। इसमें कुछ भूमि ऐसी भी है, जिसका मालिक विदेश चला गया है।
उस भूमि पर सरकार का ही अधिकार माना जाता है। इस भूमि पर तीन बड़े पार्क बनने चाहिए जो नहीं हैं। यह भूमि सब्जी मंडी व टेंपो पार्किंग के लिए भी उपयोग रहेगी। शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर भूमाफियाओं पर कार्रवाई करने के साथ सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराने की मांग की है।