कमालगंज। सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे एसीएमओ से युवक बोला कि अस्पताल में दस्ताने भी नहीं हैं। इन्हें भी बाजार से लाना पड़ता है। इस पर उन्होंने कर्मचारियों की फटकार लगाई। मंत्रा पोर्टल पर प्रसव होने के बाद इंट्री में लापरवाही देख उन्होंने स्टाफ नर्स को चेतावनी दी। औषधि वितरण कक्ष, लैब, टीकाकरण कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया।
एसीएमओ डॉ. दलवीर सिंह शनिवार दोपहर सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसव कक्ष में पहुंचकर मरीज व स्टाफ नर्स से पूछताछ कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंत्रा पोर्टल पर प्रसव होने के बाद रियल टाइम इंट्री करने की जानकारी स्टाफ नर्स से ली। पता चला कि दिसंबर 2021 से पोर्टल पर इंट्री नहीं हुई है। इस पर एसीएमओ ने स्टाफ नर्स की फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से भोजन के बारे में पूछा तो बताया गया कि उन्हें भोजन नहीं मिला। जन्म के बाद एक घंटे में बच्चे को मां का दूध पिलाना चाहिए, लेकिन यहां मौजूद स्टाफ नर्स मनमानी के चलते दो घंटे बाद मां का दूध नवजात शिशुओं को पिलाती हैं। इस पर एसीएमओ ने स्टाफ नर्स नीरज पाल से नाराजगी जताई।
इस दौरान गदनपुर तुर्रा निवासी श्याम कुमार ने एसीएमओ से शिकायत करते हुए कहा कि उसकी पत्नी सपना का प्रसव होना है। दस्ताने मेडिकल स्टोर से खरीद कर लाने पड़े हैं। इस पर एसीएमओ ने कर्मचारियों से नाराजगी जताई।
चीफ फार्मासिस्ट ने बताया कि दस्ताने खत्म हो गए हैं। डिमांड भेजी गई है। लैब का निरीक्षण करने के दौरान एसीएमओ को बताया गया कि एलटी संजीव कुमार कोविड जांच करने के बाद चले जाते हैं। कई दिनों तक वह लैब में आते ही नहीं हैं। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजय सिंह, डॉ. मान सिंह आदि रहे।