शहर के मोहल्ला बजरिया में पैमाइश करते पालिका कर्मी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। मंगलवार को तिकोना से अवैध कब्जों को चिह्नित कर निशान लगाए गए। बजरिया ट्रांसफार्मर तक 9.40 मीटर पर निशान लगे तो मंदिर से बजरिया चौकी तक के लोगों ने भी मार्ग की चौड़ाई इतनी ही रखने की मांग की। काफी जद्दोजहद के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने 16 मीटर की बजाय चौड़ाई 12.40 मीटर कर दी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव और ईओ रविंद्र कुमार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तिकोना चौकी पहुंचे। पुलिस व पीएसी के साथ 9.40 मीटर चौड़ाई पर चिह्न लगाते हुए बजरिया ट्रांसफार्मर तक टीम पहुंची। इस पर मंदिर से बजरिया चौकी तक के लोगों ने विरोध जताया। कहा कि उनके यहां 16 मीटर पर चिह्न लगाना सही नहीं है।
आधे मार्ग की चौड़ाई 9.40 मीटर होगी, तो क्या फायदा होगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों की दिक्कतों को देखते हुए मार्ग की चौड़ाई 12.40 मीटर कर दी। इस पर लोग सहमत हो गए। बाद में बजरिया चौकी तक अतिक्रमण पर लाल निशान लगा दिए गए। अफसरों ने यह अतिक्रमण तीन दिन में तोड़ लेने की मोहलत दे दी।
बजरिया चौकी से रेलवे स्टेशन तक हटेंगे कब्जे
बजरिया से तकिया नसरत शाह होते हुए रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर काफी वाहन चलते हैं। सर्दियों में इस रास्ते से ट्रैक्टर ट्रालियां भी आती हैं। टेंपो, ई-रिक्शा, बाइकें और कारों की संख्या भी अधिक रहती है। तमाम लोगों ने नालियों पर कब्जा कर लिया है। सिटी मजिस्ट्रेट मार्ग पर पैदल गईं और शीघ्र ही नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही।